मिर्जापुर के एक सरकारी स्कूल में गुरुवार को बच्चों को मिड-डे मील में नमक के साथ रोटी खिलाने के मामले में एबीएसए बृजेश सिंह को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही बीएसए का ट्रांसफर कर दिया गया है।
मिर्जापुर में नए बीएसए के आने तक उसका चार्ज सीडीओ संभालेंगे। इसके साथ ही मिर्जापुर के बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को डायट प्रयागराज बनाए गया है। नवनियुक्त बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सतीश द्विवेदी ने बच्चों को मिड-डे मील में रोटी-नमक देने के मामले में शुक्रवार को वहां के डीएम से रिपोर्ट तलब की थी।
द्विवेदी ने शुक्रवार सुबह मिर्जापुर के डीएम को फोन कर मामले की जानकारी ली थी और प्रथम दृष्टया जमालपुर ब्लॉक स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिउर के दोषी रसोइया, शिक्षक, प्रधानाध्यापक को निलंबित करने के निर्देश दिया था। उन्होंने शनिवार सुबह तक डीएम अनुराग पटेल पटेल से रिपोर्ट मांगी। शनिवार को रिपोर्ट आने के बाद बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री द्विवेदी ने एक्शन लिया।
ये भी पढ़ें : राहत : घाटों पर सीढ़ियां उतरने लगी गंगा, दो दिनों में एक मीटर घटा जलस्तर
द्विवेदी ने कहा था कि मामले में दोषी किसी भी अधिकारी को बक्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने मिड डे मील की निगरानी के लिए स्कूलों में मां समितियां गठित की हैं। द्विवेदी ने आह्वान किया कि समितियों में शामिल बच्चों की माताओं को भी समय-समय पर स्कूलों में मिड-डे मील वितरण का निरीक्षण करना चाहिए।