अब मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) से आधार कार्ड नंबर, मोबाइल और ई-मेल को जोड़ा जाएगा। इसके लिए सोमवार को कमिश्नरी के एनआईसी में हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी रमाकांत पांडेय ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया है। कांफ्रेंसिंग में शामिल एडीएम प्रशासन सीताराम गुप्त के अनुसार इसकी शुरुआत मंगलवार से हो जाएगी। यह अभियान 31 जुलाई तक चलेगा।
एडीएम प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि आधार कार्ड की फोटोकॉपी अपने वोट डालने वाले बूथ पर जमा कर दें। इसके अलावा मतदाता पंजीकरण केंद्र और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में भी फोटोकॉपी जमा कर सकते हैं। इस अभियान के दौरान मतदाता सूची में रिपीट नामों को हटाया जाएगा।
त्रुटियां दूर करने के साथ ही फोटोग्राफ की गुणवत्ता सुधारी जाएगी। मतदाताओं के मोबाइल नंबर और ई मेल आईडी भी इसमें शामिल होंगे। इस काम में सहयोग के लिए सभी राजनीतिक दलों से अपील की गई है। सभी बूथों पर बूथ लेवल आफिसर (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। जिन लोगों के पास आधार कार्ड है उन्हीं को जोड़ा जाएगा, जिनके पास आधार कार्ड नहीं है उन्हें अभी नहीं जोड़ा जाएगा।