ज्ञानपुर। कोतवाली के असनांव गांव में भैंस चराने गए एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। युवक तालाब में भैंस को नहला रहा था। इस बीच अचानक गहरे पानी में चला गया। जिससे वह डूब गया और मौत हो गई ।
कोतवाली के अलुआ, असनांव निवासी योगेन्द्र यादव का 18 वर्षीय पुत्र अंकित यादव रविवार की सुबह 10 बजे के करीब घर से भैंसों को चराने के लिए निकला था। अंकित चराने के बाद गांव के पास तालाब में भैंसों को नहलाने लगा। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक युवक डूब गया। काफी प्रयास के बाद युवक को पानी से निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। युवक के पिता मुंबई में ऑटो रिक्शा चलाता हैं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक का भोगांव घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।