यूपी के गाजीपुर जिले के रायपुर बाजार स्थित मस्जिद में मुतवल्ली की मौत अजान के समय माइक में करेंट उतरने से मौत हो गई। बहरियाबाद थाना क्षेत्र रायपुर बाजार निवासी प्रतिष्ठित व्यवसायी तथा मस्जिद के मुतवल्ली एवं मोवज्जिन बरकत अली की शुक्रवार की सुबह मस्जिद में अजान के समय माइक में करेंट उतरने से मौत हो गई।
परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर जुमे की नमाज के बाद बुढ़ानपुर स्थित पुश्तैनी कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्दे खाक कर दिया। रायपुर बाजार निवासी मोवज्जिन बरकत अली (60) सुबह मस्जिद में अजान दे रहे थे। इसी बीच माइक में करेंट उतरने से वह उससे चिपक गए और चिल्लाने लगे।
वहां मौजूद लोगों ने जब तक माइक का लाइन बंद किया, तब तक उनकी मौत हो गई। लोगों ने मस्जिद से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित बरकत अली के घर पर इस बात की जानकारी दी। जानकारी होते ही परिवार सहित आसपास के लोग मौके एकत्र हो गए। परिवार के लोग शव को घर ले आए।
दुर्घटना से मृतक के घर कोहराम मच गया। मौके पर मौजूद आस पड़ोस के लोग बिलख रहे लोगों को सांत्वना देने में जुट गए। जिस किसी को बरकत अली की मौत की जानकारी हुई, वह उनके दरवाजे पर शोक व्यक्त करने के लिए पहुंच गया। दिन में 10 बजे बरकल अली के शव को उनके पैतृक गांव भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के बुढ़ानपुर ले जाया गया, जहां बाद में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।