यूपी के आजमगढ़ जिले के अहरौला यूनियन बैंक के अंदर से एक बदमाश 50 हजार रुपये लेकर एक बदमाश फरार हो गया लोग देखते रह गए।
यूनियन बैंक पर पैसा निकालने गया एक व्यक्ति शुक्रवार को उचक्कागिरी का शिकार हो गया। बैंक के कैश काउंटर पर पैसा निकालने के बाद कटे-फटे नोट बदलते समय पीछे खड़ा उचक्का पचास हजार की गड्डी लेकर चंपत हो गया।
पीड़ित ने पुलिस को अज्ञात के खिलाफ तहरीर दे दी है। उचक्के की तलाश में बैंक पर लगे सीसी टीवी के रिकार्ड खंगाले जा रहे है। अहरौला थाना क्षेत्र के मड़ना गांव निवासी रोहित मौर्य पुत्र इंद्रजीत का यूनियन बैंक के अहरौला शाखा में खाता है। शुक्रवार को वह अपने खाते से पैसा निकालने के लिए बैंक पर पहुंचा।
कैश काउंटर से उसने एक लाख रुपये निकाले। कैशियर ने उसे पांच सौ के नोट की एक गड्डी दी और शेष पचास हजार फुटकर दे दिए। फुटकर में कुछ नोट कटे-फटे थे। पचास हजार की गड्डी काउंटर पर ही रखकर रोहित फटे-पुराने नोट छांटकर कैशियर को उसे बदलने को दिया।
इसी दौरान लाइन में उसके पीछे लगा युवक पचास हजार की गड्डी उठाकर चंपत हो गया। नोट बदलने के बाद रोहित का ध्यान पचास हजार की गड्डी की तरफ गया तो वह गायब मिला। सूचना पर अहरौला पुलिस पहुंच गई और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
यूबीआई अहरौला शाखा में इसके पूर्व भी उच्चकागिरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। अभी कुछ माह पूर्व ही उदैना गांव निवासी विवेक उपाध्याय बैंक पर अपने खाते से पैसा निकालने पहुंचा था।
उसने खाते से दस हजार रुपये निकाला और पांच-पांच हजार कर अपने कुर्ते के अलग-अलग पॉकेट में रख लिया। इसी दौरान उच्चके ने उसके एक पाकेट में रखे पांच हजार रुपये को उड़ा दिया था। उस घटना का भी अब तक खुलासा नहीं हुआ है।