प्रदेश में बदले मौसम के कारण हो रही बारिश से जहां ठंड बढ़ी है, वहीं जौनपुर जिले में आकाशीय बिजली से तीन बच्चे झुलस गए। जिसमें से एक छात्रा की मौत हो गई बाकी दो मासूम घायल है।
जिले के सूजानगंज में सुबह 9 बजे अचानक बिजली की कड़क के साथ बारिश शुरू हो गई। कंचनपुर गांव से प्राथमिक विद्यालय अजिया के लिए घर से तीन बच्चे निकले थे। तीनों मासूम विद्यालय पहुंचे ही थे कि तेज कड़क के साथ उन पर आकाशीय बिजली के गिर पड़ी।
बिजली की जद में आने से तीनों बच्चे जमीन पर गिर गए। इसी दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य मृदुल सिंह अध्यापकों के साथ बच्चों को उठा कर अस्पताल ले गए। साथ ही बच्चों के परिजनों को सूचना दी। कंचनपुर गांव निवासी प्राची पुत्री प्रदीप कुमार को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जबकि कंचनपुर गांव निवासी रीता पुत्री सुरेश और शिवा पुत्र गुलाब जो कक्षा एक का छात्र झुलस गए है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।