वाराणसी। चौकाघाट पर यातायात विभाग के सचल दस्ता ने एक बोलेरो गाड़ी के चालक से चेकिंग के नाम पर तीन हजार रुपये वसूल लिए। इस मामले की शिकायत मिलने पर एसएसपी बीडी पाल्सन ने चालक समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
यातायात पुलिस का सचल दस्ता उच्चाधिकारियों के निर्देश के बगैर चौकाघाट लकड़ी मंडी के समीप चेकिंग करने लगा। दस्ते में शामिल लोगों ने गाजीपुर के गुरुबचन सिंह की बोलेरो रोक ली। बोलेरो से गुुुरुबचन का परिवार एक शादी समारोह में शरीक होने जा रहे था। सचल दस्ते ने तीन हजार रुपये वसूल लिए। इस मामले में उसने घटना की जानकारी एसएसपी बीडी पाल्सन को दी। एसएसपी ने एसपी यातायात से इस मामले की जांच कराई। जांच में तथ्य सही मिलने पर एसएसपी ने हेड कांस्टेबुल रमाशंकर यादव, कांस्टेबुल प्रभुनारायण सिंह, लक्ष्मण सिंह और चालक योगेश चंद पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके साथ ही दो होमगार्ड दिनेश यादव और अजय सिंह के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई होगी।