वाराणसी। लल्लापुरा स्थित विशाल भारत संस्थान में गुरुवार को आयोजित बाल संसद में महंगाई, लड़कियों की सुरक्षा और बुनकरों का मुद्दा उठा। बाल सांसद शहनाज ने कर्ज में डूबे बुनकरों को अपमानित किए जाने का मामला उठाया। इस पर स्पीकर आफरीन भारतवंशी ने कहा कि शिकायत आ रही है कि आरसी काटकर बुनकरों को गरीबी की तरफ धकेला जा रहा है।
स्पीकर ने कहा कि बैंक के मैनेजर और अमीन बुनकरों के घर जाकर उन्हें अपमानित कर रहे हैं। इसको लेकर सदन चिंतित है। पत्र लिखकर पूरे प्रकरण सेे वित्त मंत्री को अवगत कराया जाएगा। विपक्ष के बाल सांसदों ने सदन में महंगाई और लड़कियों की सुरक्षा का मामला भी उठाया। जैतपुरा बाल संसदीय क्षेत्र के सांसद तौहीद भारतवंशी ने कहा कि महंगाई आसमान छू रही है। रसोई का बजट ध्वस्त हो गया है। सुरक्षा के लिए लोग लड़कियों की पढ़ाई छुड़ाकर उनसे घर में काम करा रहे हैं। सरकार को इसकी तनिक भी चिंता नहीं है। इससे पहले भेल महिला क्लब की अध्यक्ष मुख्य अतिथि अनीता चौधरी ने सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति पर माल्यार्पण कर संसद की कार्यवाही का शुभारंभ किया। संस्थान के संस्थापक डा. राजीव श्रीवास्तव ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर चिंता जाहिर की। इस मौके पर पूजा भारतवंशी, ताजीम, तबरेज, पिंकी, सान्या, साहिल उपस्थित थे।