वाराणसी। मंडुवाडीह क्षेत्र के दक्षिणी ककरमत्ता स्थित पूर्व ग्राम प्रधान कैलाश मौर्या के मकान और तीन दुकानों में रविवार की रात आग धधक गई। पड़ोसियों के चिल्लाने पर पूर्व प्रधान समेत परिवार के 10 सदस्यों को मुहल्ले के लोगों ने किसी प्रकार बाहर निकाला। धुएं के कारण मकान से सटे हास्पिटल के मरीज भी प्रभावित हुए। देर से पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों ने किसी तरफ आग पर काबू पाया।
दक्षिणी ककरमत्ता निवासी पूर्व ग्राम प्रधान कैलाश मौर्या चक्की वाले के घर में प्रथम तल पर उसका परिवार रहता है और भूतल पर तीन दुकानें हैं। धनतेरस की पूजा के बाद परिवार के लोग सो रहे थे। रात 11 बजे पड़ोसियों ने किराना, चक्की और जनरल स्टोर की दुकान में आग देखकर परिवार को जगाने का प्रयास करना शुरू किया लेकिन गहरी नींद में सो रहे लोग पड़ोसियों की आवाज नहीं सुन रहे थे। पड़ोस की छत से लोगों ने हुंकार भरी तो पूर्व ग्राम प्रधान के परिवार की नींद टूटी। मुहल्ले के लोगों ने सीढ़ी लगाकर पड़ोसी की छत से परिजनों को किसी प्रकार बाहर निकाला। रानीपुर के पार्षद अजय गुप्ता ने घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी लेकिन काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। इस बीच धुआं से अस्पताल के मरीजों समेत आसपास के अन्य परिवार भी प्रभावित हो रहे थे। अस्पताल के कर्मचारियों ने पानी फेंककर आग को बुझाने की कोशिश की लेकिन कोई असर नहीं हो रहा था। पता चला कि तीनों दुकानों में रखी लाखों की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। मकान में रखे रजाई-गद्दा समेत अन्य सामान राख में तब्दील हो गए। देर रात फायर ब्रिगेड के जवानों ने बिजली की लाइन काटकर आग को काबू में किया। आग लगने के कारण की जानकारी नहीं हो सकी।