वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मुख्य भवन की मरम्मत का कार्य इंटेक्ट से कराने के लिए कार्य परिषद ने अपनी स्वीकृति दे दी है। विश्वविद्यालय में बुधवार को कार्य परिषद की हुई बैठक में परिषद ने इस पर मुहर लगा दी है। साथ ही निर्णय लिया है कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग से 12वीं पंचवर्षीय योजना के तहत प्राप्त धनराशि से इसका कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाएगा। कार्यपरिषद ने विश्वविद्यालय में स्थापित अशोक स्तंभ को भी ठीक कराने के लिए शासन को पत्र लिखे जाने का निर्णय लिया।
बता दें कि कार्य परिषद ने पिछले 10 साल का रिकार्ड कंप्यूटर से निकालने के निर्देश दिए थे लेकिन अब तक ये कार्य नहीं किया गया। कार्य परिषद ने चेतावनी दी है अगर जल्द से जल्द इन रिकार्ड को संरक्षित नहीं किया गया तो संबंधित लोगों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। परिषद ने ये भी निर्णय लिया है कि कई साल से एक ही जगह कार्य कर रहे कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. बिंदा प्रसाद मिश्र ने की। बैठक में प्रो. यदुनाथ दुबे, विमला पोद्दार, प्रो. रामकिशोर त्रिपाठी, प्रो. आशुतोष मिश्र, डा. शैलेश कुमार, डा. हरि प्रसाद, राकेश कुमार मालपाणी, मुकुंद लाल गुप्ता, इंदुपति झा आदि मौजूद रहे।