वाराणसी। सारनाथ की सुरक्षा चौकस की जाएगी। इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होगी। मंदिर में आने-जाने वालों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यह जानकारी सारनाथ का निरीक्षण करने के बाद आईजी जोन जीएम मीणा ने दी।
बोधगया में सीरियल बम ब्लास्ट के दूसरे दिन सुरक्षा जांचने आईजी सोमवार की दोपहर सारनाथ स्थित थाई बौद्ध विहार पहुंचे। यहां उन्होंने सर्च मिरर, हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी), बम डिस्पोजल और एंटी सेबोतार के उपकरण परखे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात जवानों से सुरक्षा संबंधी कई सवाल किए। इसके बाद उन्होंने मंदिर का कोना-कोना देखा और पुजारी गुरु धम्मो से बातचीत की। यहां से वह मूलगंध कुटी बिहार गए। यहां उनसे मूलगंध कुटी बिहाराधिपति पी. शिवली थेरो ने मंदिरों की सुरक्षा के लिए आईजी से अलग से बैठक करने का अनुरोध किया। यहां कुछ लोगों ने आईजी से विदेशी पर्यटकों के साथ दुर्व्यवहार करने, प्रेमी जोड़ों का हर समय जमावड़ा लगने की शिकायत की। आईजी ने इन समस्याओं के समाधान के लिए अभियान चलाने को कहा। बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि मंदिर की सुरक्षा के लिए संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए मंदिर प्रबंधन तैयार है। पुलिस ने सारनाथ की सुरक्षा की विशेष योजना बनाई है। इसे जल्द अमल में लाया जाएगा।