आईआईटी बीएचयू में दीक्षांत समारोह को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया। संस्थान का नौवां दीक्षांत समारोह इस बार आठ फरवरी को मनाया जाएगा। आईआईटी प्रशासन की ओर से तिथि पर फैसला होने के बाद अब समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कोरोना काल को देखते हुए आयोजन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से कराया जाएगा।
समारोह के मुख्य अतिथि के लिए आईआईटी बीएचयू के पूर्व छात्र और यूएस में साइबर सिक्योरिटी कंपनी में सीईओ जय चौधरी को बुलाए जाने का निर्णय भी लिया गया है। तिथि तय होने के बाद अब समारोह को लेकर अलग-अलग कमेटियों के गठन, पाठ्यक्रम वार मेधावी छात्र-छात्राओं की सूची तैयार कराने सहित अन्य तैयारियां भी जल्द ही शुरू हो जाएंगी।
आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. प्रमोद जैन ने बताया कि दीक्षांत समारोह की तिथि प्रस्तावित कर दी गई हैं। इस बार ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आयोजन कराया जाएगा। कोरोना प्रोटोकॉल के हिसाब से कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जा रही है।
बीएचयू दीक्षांत समारोह पर भी जल्द हो सकता है फैसला
बीएचयू में होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर अभी फैसला होना बाकी है। आमतौर पर हर साल जनवरी-फरवरी में ही समारोह आयोजित किया जाता है। कोरोना संक्रमण के दौर में दीक्षांत समारोह के आयोजन होंगे कि नहीं इस बारे में अभी कोई फैसला नही हो पाया है। माना जा रहा है कि बहुत जल्दी ही बीएचयू दीक्षांत समारोह के बारे में भी फैसला हो जाएगा।