सारनाथ। रेलवे बोर्ड की ग्रुप डी भर्ती परीक्षा में सारनाथ स्थित हार्डवेयर नेटवर्किंग एंड कम्युनिकेशन सेंटर पर बुधवार को दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे चार मुन्ना भाई गिरफ्तार किए गए। चारों की शिनाख्त पटना के संदीप कुमार व सागर राज, भागलपुर के अमित चौधरी और पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर के पिंटू मिद्या के तौर पर हुई है। चारों को पुलिस ने जेल भेज दिया।
सेंटर संचालक विकास कुमार के अनुसार, परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र चेक करना शुरू किया गया। चार अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र देखने को लेकर शंका हुई तो जांच की गई। जांच में चारों के प्रवेश पत्र फर्जी मिले और सामने आया कि वे दूसरे के स्थान पर परीक्षा में बैठे थे। उधर, पुलिस को आरोपियों ने बताया कि पटना निवासी साल्वर गिरोह के सदस्यों ने उन्हें परीक्षा में शामिल होने के लिए 20 हजार रुपये, आने-जाने का रेल टिकट और ठहरने का खर्च दिया था। परीक्षा में सफल होने पर उन्हें एक-एक लाख रुपये और मिलते।