वाराणसी। तू जो छू ले प्यार से...की धुन जब विकास ने छेड़ी तो दर्शक और जज सभी वाह-वाह कर उठे। मौका था गुरुवार को कैंटोमेंट स्थित एक होटल में आयोजित सीक्रे ट सुपरस्टार के ऑडिशन का। इस ऑडिशन के दौरान काशी और आसपास के जिलों के युवाओं ने नृत्य, गायन और फैशन की विधा में अपने जलवे बिखेरे। मिस्टर एंड मिसेज यूपी के ऑडिशन के दौरान युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
नृत्य और संगीत के ऑडिशन सीक्रेट सुपर स्टार में युवक और युवतियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। रेहान ने तू माने या ना माने दिलदारा...सुनाया तो सभी तालियां बजाने को मजबूर हो गए। दूसरी तरफ मिस्टर एंड मिस यूपी के ऑडिशन में युवाओं ने रैंप पर अपनी चमक बिखेरी। ऑडिशन में 30 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम संयोजक दीपक त्रिपाठी ने बताया कि ड्रीम्ज प्रोडक्शन हाउस की ओर से आयोजित सीक्रेट सुपरस्टार का फाइनल दो फरवरी को इलाहाबाद के प्रयाग संगीत समिति में होगा। फाइनल मुकाबले के जज रणविजय सिंह, करन, मिस इंडिया जोया आफरोज और अनिरुद्ध सिंह होंगे।
विजेता को 50 हजार रुपये और एक एल्बम में काम करने का मौका दिया जाएगा। इलाहाबाद और लखनऊ के ऑडिशन समाप्त हो चुके हैं। अगला ऑडिशन 21 जनवरी को कानपुर और 25 जनवरी को झांसी में होगा। ऑडिशन के जज दक्षिण भारतीय सिनेमा के कलाकार अनिरुद्ध सिंह रहे। इस दौरान टीम में जैद, अयाज, मंगल पांडेय और अर्चित रघुवंशी मौजूद रहे।