वाराणसी। 108 नंबर की एंबुलेंस सेवा कागज पर सही समय से दौड़ रही है और हकीकत में लेटलतीफी जारी है। इस वजह से मरीजों को इंतजार करना पड़ता है। एंबुलेंस की लेटलतीफी का खुलासा जिलाधिकारी के सामने हो चुका है। पिछले दिनों जिलाधिकारी के फोन करने के 15 मिनट बाद एंबुलेंस पहुंची थी। अब सीएमओ ने एंबुलेंस संचालन करने वाली कंपनी के अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
जिले में 108 और 102 नंबर की करीब 57 एंबुलेंस हैं। इसमें सड़क दुघर्टना और इमरजेंसी सेवा के लिए 108 नंबर और गर्भवती महिलाओं को घर से अस्पताल और अस्पताल से घर तक पहुंचाने के लिए 102 नंबर की सेवा ली जाती है। समय-समय पर एंबुलेंस की लेटलतीफी की शिकायत भी मिलती रहती है। इसका सत्यापन करने के लिए पिछले दिनों जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने अपने मोबाइल से 108 नंबर पर फोन किया लेकिन एंबुलेंस 15 मिनट में पहुंची थी। इसके बाद सीएमओ को फटकार लगाते हुए व्यवस्था सुधार का निर्देश दिया। अब सीएमओ ने संचालन करने वाली कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। बताया कि जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।