वाराणसी। आर्य महिला पीजी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई डी व ई की ओर से आयोजित विशेष शिविर के तहत शनिवार को स्वयंसेविकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। अस्सी स्थित डुमराव बाग में लगे शिविर में प्रशिक्षक ऋचा पराशर ने छात्राओं को आत्मरक्षा के दांव पेंच के टिप्स दिए।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि सिर्फ दांव पेंच सीखने से ही नहीं बल्कि खुद में वो आत्मविश्वास भी लाना होगा कि आप हर मुश्किल का सामना स्वयं कर सकती हैं। इसी सत्र में स्माइल मुनिया की प्रणेता अंजलि अग्रवाल ने व्याख्यान दिया। दूसरे सत्र में बीएचयू दृश्य कला संकाय के चित्रकला विभाग के मिठाई लाल द्वारा बनाई गई चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई। अपने चित्रों में उन्होंने नारी के संघर्ष, उसकी पीड़ा को दर्शाया। उन्होंने ‘भारतीय चित्रकला में स्त्री’ पर विशिष्ट व्याख्यान भी दिया। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. स्वाति एस मिश्रा ने बताया कि छात्राओं के बीच हुई पक्षी प्याऊ बनाने की प्रतियोगिता, पोस्टर व भाषण प्रतियोगिताओं की विजेताओं को रविवार को पुरस्कृत किया जाएगा।