वाराणसी। राष्ट्रीय राजमार्ग वाराणसी-आजमगढ़ फोरलेन के लिए चिन्हित निर्माण शनिवार को एसडीएम की अगुवाई में ध्वस्त किया गया। एसडीएम सदर मनोज कुमार पाठक के नेतृत्व में पहुंची टीम ने चमरहा से लेकर मोहाव तक करीब चार किलोमीटर तक के करीब दो दर्जन मकान दुकान को ध्वस्त किए। किसानों को अपना निर्माण खुद से हटा लेने की शनिवार ही अंतिम तय मियाद थी । जमीन या निर्माण का मुआवजा नही मिलने वाले किसानों ने इस कार्रवाई का विरोध तो किया, मगर प्रशासन और पुलिस बल के समक्ष असहाय नजर आ रहे थे। उपजिलाधिकारी ने जल्दी ही सभी लोगों के मुवावजे को बैंक खाते में भेजने की बात कही, मगर किसान प्रशासन के आश्वासन से संतुष्ट नहीं दिखाई दिए । किसानों का कहना था कि एनएचएआई द्वारा गलत और लागत मूल्यों के विपरीत मूल्यांकन किया गया है। साथ ही कई लोगों के सामूहिक मकानों का मुआवजा मात्र एक या दो लोगों के नाम से बनाया गया है ।