वाराणसी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय शनिवार को वाराणसी पहुंचे। शाम को वे इंग्लिशिया लाइन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। इससे पहले पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत होगी। सैफई में बन रहे कृष्ण मंदिर और अयोध्या के राम मंदिर के सवाल पर उन्होंने कहा कि अयोध्या में विधिसम्मत तरीके से राम मंदिर का निर्माण होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने काशी के विकास के सवाल पर कहा कि जब से केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में योगी सरकार आई है, काशी का निरंतर विकास हो रहा है। सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में विकास ठप पड़ गया था। उन्होंने कहा कि काशी में भाजपा का मेयर होगा तो यहां की जनता के सपने पूरे होंगे।
निकाय चुनाव में टिकट वितरण में गड़बड़ी की शिकायतों के सवाल पर कहा कि ‘सबका साथ सबका विकास’ की तर्ज पर टिकट दिए गए हैं। इसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हुई है। सम्मेलन में शामिल होने से पहले उन्होंने पहड़िया की पार्षद प्रत्याशी वंदना सिंह के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद वे नरिया स्थित रामनाथ शोध संस्थान में आयोजित विद्वत सम्मेलन में भी शामिल हुए। कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद उन्होंने भारत माता मंदिर के सामने पार्टी की महापौर प्रत्याशी मृदुला जायसवाल के कार्यालय का उद्घाटन किया।