वाराणसी। निकाय चुनाव में नामांकन के छठे दिन सोमवार को नगर निगम, गंगापुर नगर पंचायत और रामनगर नगर पालिका के लिए कुल 244 प्रत्याशियों ने किया नामांकन किया। गंगापुर से निवर्तमान पंचायत अध्यक्ष एवं सपा प्रत्याशी विजय यादव ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। उनके साथ सपा के अन्य दस प्रत्याशियों ने सदस्य के लिए नामांकन किया।
वहीं रामनगर पालिका से सपा के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी आलोक कुमार गुप्ता एवं आम आदमी पार्टी से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सतनाम सिंह ने नामांकन किया। जमीला बेगम, डॉ. मो. अली और धर्मेंद्र सिंह ने निर्दल प्रत्याशी के रूप में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। सोमवार को नगर निगम से पार्षद पद के लिए 193 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। रामनगर पालिका से 40 एवं गंगापुर नगर पंचायत से 11 प्रत्याशियों ने नामांकन किया।
नगर निगम में पार्षद के लिए रात आठ बजे तक प्रत्याशी नेशनल इंटर कॉलेज और कटिंग मेमोरियल कॉलेज में नामांकन करते रहे। मंगलवार को नामांकन का अंतिम दिन है। अब तक मेयर के लिए एक भी दावेदार ने नामांकन नहीं किया है। मंगलवार को भाजपा, कांग्रेस, सपा, बसपा समेत अन्य दलों के प्रत्याशी मेयर और पार्षद के लिए नामांकन करेंगे। पुलिस और प्रशासन की भी मंगलवार को कड़ी परीक्षा होगी। आठ स्थानों पर बने नामांकन केंद्रों पर फोर्स बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।