फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी: एमएलसी चुनाव में भाग्यविधाता होंगे तीन जिलों के 4949 मतदाता, बढ़ी सियासी दलों की चुनौती

Sun, 30 Jan 2022 01:04 AM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

सार

वाराणसी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन के प्रथम चरण में वाराणसी, चंदौली व भदोही के मतदाता शामिल होंगे। इसके लिए तीन जिलों में 26 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 
विज्ञापन
एमएलसी चुनाव - फोटो : फाइल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूपी विधानसभा चुनाव के बीच तीन जिलों के 4949 मतदाता वाराणसी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन सीट के भाग्यविधाता बनेंगे। वाराणसी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन के प्रथम चरण में वाराणसी, चंदौली व भदोही के मतदाता शामिल होंगे। इसके लिए तीन जिलों में 26 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

विज्ञापन


इनमें वाराणसी के 1867,  चंदौली 1725 व भदोही के 1357 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोगकर नया एमएलसी चुनेंगे। जबकि 2016 में मतदाताओं की संख्या जनपद वाराणसी में 1655, चंदौली में 1470 तथा भदोही में 1215 सहित कुल 4288 थी।

जिलाधिकारी/रिटर्निंग ऑफिसर, स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र कौशल राज शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए वाराणसी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य का कार्यकाल 7 मार्च को समाप्त हो जाएगा। इसके पूर्व चुनाव प्रक्रिया अपनाई जाएगी। 4 से 11 फरवरी, 2022 तक (अवकाश को छोड़कर) प्रतिदिन सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक कलेक्ट्रेट स्थित अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के न्यायालय कक्ष में नामांकन पत्र दिए जाएंगे।

विज्ञापन

14 फरवरी को सुबह 11 बजे नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 16 फरवरी को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 16 फरवरी को नाम वापसी के तुरंत बाद निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची एवं मत पत्र का नमूना 16 फरवरी को तैयार कराकर उसी दिन रात्रि में ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश और प्रभारी अधिकारी (मतपत्र) द्वारा मत पत्र का नमूना निर्दिष्ट राजकीय प्रेस को प्रेषित किए जाएंगे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी दयाशंकर उपाध्याय ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम मिल गया है, आगे की तैयारी शुरू कर दी गई है। चुनाव कार्यालय के अनुसार इस सीट पर  2016 के समय हुए चुनाव में निर्दलीय बृजेश कुमार सिंह को कुल 3038 वोट मिले थे। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा की मीना सिंह को 1084 वोट मिले थे।

सांसद से प्रधान तक होंगे मतदाता

निर्वाचन आयोग ने विधानसभा आम चुनावों के साथ विधान परिषद के 36 सदस्यों के चुनाव का एलान कर राजनीतिक दलों की चुनौती बढ़ा दी है। एक साथ दो-दो चुनावों का सामना करने के लिए राजनीतिक दल तैयार नहीं थे।

वाराणसी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में सांसद से लेकर ग्राम प्रधान तक मतदाता होते हैं। इसमें क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य व अध्यक्ष, नगर निगम के पार्षद व महापौर, नगर पालिका व नगर पंचायत के सभासद व अध्यक्ष, विधायक, विधान परिषद सदस्य मतदाता होते हैं।

आयोग से अधिसूचित आरओ और एआरओ

वाराणसी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र में वाराणसी, चंदौली तथा भदोही कुल तीन जनपद सम्मिलित है। इस निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी वाराणसी तथा उक्त जनपदों के उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में अपने-अपने जनपद के लिए आयोग द्वारा अधिसूचित हैं।

जिसके अनुसार जिलाधिकारी/रिटर्निंग ऑफिसर, वाराणसी स्थानीय प्राधिकारी कौशल राज शर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर रणविजय सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर शैलेंद्र कुमार मिश्रा तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर उमेश कुमार मिश्रा अधिसूचित है।

तीनों जिलों में यहां डाले जाएंगे वोट

वाराणसी जनपद में नगर निगम का रिक्रिएशन हाल, जिला पंचायत का मीटिंग हॉल, क्षेत्र पंचायत हरहुआ, क्षेत्र पंचायत चोलापुर, क्षेत्र पंचायत पिंडरा, क्षेत्र पंचायत बड़ागांव, क्षेत्र पंचायत सेवापुरी, क्षेत्र पंचायत चिरईगांव, क्षेत्र पंचायत काशी विद्यापीठ, क्षेत्र पंचायत आराजीलाइन व नगर पालिका परिषद, रामनगर।
चंदौली में क्षेत्र पंचायत नौगढ़, क्षेत्र पंचायत शहाबगंज, क्षेत्र पंचायत चकिया, क्षेत्र पंचायत चंदौली, क्षेत्र पंचायत बरहनी, क्षेत्र पंचायत धानापुर, क्षेत्र पंचायत सकलडीहा, क्षेत्र पंचायत चहनिया व क्षेत्र पंचायत नियमताबाद।
भदोही में क्षेत्र पंचायत औराई, क्षेत्र पंचायत गोपीगंज, क्षेत्र पंचायत डीघ, क्षेत्र पंचायत सुरियावा, क्षेत्र पंचायत भदोही एवं क्षेत्र पंचायत अमोली में मतदेय स्थल होगा।
विज्ञापन

15 अक्टूबर, 2021 के अनुसार तीनों जिलों की स्थिति

वाराणसी जिले में 11 मतदान केंद्र के कुल 11 मतदेय स्थलों पर  कुल 1867 मतदाता (कुल स्थानीय निकायों की संख्या-13)
चंदौली जिले में 09 मतदान केंद्र के कुल 09 मतदेय स्थलों पर कुल 1725 मतदाता (कुल स्थानीय निकायों की संख्या-14)
भदोही जनपद में 06 मतदान केंद्र के कुल 06 मतदेय स्थलों पर  कुल 1357 मतदाता (कुल स्थानीय निकायों की संख्या-14)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें