वाराणसी। काशी में भी फेनी का असर देखने को मिला। मौसम का मिजाज सुबह से ही बदला-बदला नजर आया। देर शाम को चली धूल भरी आंधी ने तो किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरों को गहरा कर दिया। वहीं आंधी से पारा लुढ़कने के कारण लोगों को गरमी से राहत मिली। गुरुवार को भी जिले का अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों की मानें तो फेनी का असर चार मई तक रहेगा।
गुरुवार को फेनी तूफान को लेकर मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया था। बीच-बीच में बादलों की लुकाछिपी जारी रही। इससे लोगों को थोड़ी सी राहत मिली लेकिन फिर सुबह 10 बजे के बाद धूप निकलने के कारण लोगों को परेशानी हुई। शाम को पांच बजे आई धूलभरी आंधी के कारण लोगों को मौसम की तल्खी से राहत मिली। ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा परेशानी पुरवा हवाओं के कारण किसानों को उठानी पड़ी। हवा के कारण मड़ाई का कार्य धीमा हो गया है। बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि फेनी का असर आगामी दो दिनों तक देखने को मिलेगा। हल्के बादलों के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है।