वाराणसी। शहर के चार चौराहों पर 23 अगस्त से सिग्नल से यातायात नियंत्रित करने का काम शुरू होगा। सिटी कमांड कंट्रोल सिस्टम के तहत ट्रायल के रूप में शहर में चार चौराहों पर सिग्नल लाइटों को लगाने के बाद उनका सफल ट्रायल पूरा हो चुका है। अब यातायात विभाग को इस कार्य को शुरू करना है। उधर यातायात विभाग ने भी अपनी ओर से इसको शुरू करने की तिथि 23 अगस्त कर दी है।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत 110 करोड़ रुपए खर्च करके सिटी कमांड कंट्रोल सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। इसमें शहर के 64 चौराहों पर सिग्नल से यातायात को नियंत्रित करना है। इसमें चार रथयात्रा, सिगरा, साजन तिराहा व मलदहिया चौराहे पर सिग्नल और कैमरे लगाने का काम पूरा हो गया है। इसका ट्रायल भी दो दिन पहले हुआ था, जो सफल रहा। अब स्मार्ट सिटी का काम देखने वाली कंसलटेंट कंपनी पीएमसी ने भी चार चौराहों के सिग्नल लाइट चालू करने को लेकर ओके रिपोर्ट लगा दी है। पीएमसी के देवेश आनंद ने बताया कि हम लोगों की ओर से पूरी तैयारी हो चुकी है। अब यातायात विभाग को ही इसे चालू करना है। इसके लिए उनको सूचना दे दी गई है।