वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रिंग रोड और वरुणा कॉरिडोर के निर्माण कार्यों के बारे में पूछताछ की। बुधवार को सर्किट हाउस में पार्टी के विधायकों के साथ बैठक कर उनसे जिले में चल रहे विकास कार्यों का फीडबैक लिया। विधायकों से कहा कि वह निर्माणाधीन कार्यों की मानीटरिंग करने के साथ ही कार्यों को तय समय में पूरा कराने का प्रयास करें। मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में करीब एक घंटे तक रहे।
बैठक में पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने विधानसभा में अप्रवासी भवन बनाने के लिए जमीन उपलब्ध करा दी है। केंद्र और प्रदेश सरकार इसके निर्माण की कार्ययोजना तेजी से बनाए। पिंडरा में अप्रवासी भवन बनने से पूरे क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। चार बीघे में निर्माण होना प्रस्तावित है। डॉ. अवधेश सिंह ने पिंडरा क्षेत्र में गौशाला बनाने का भी प्रस्ताव दिया। बताया कि किसान जिन बछड़ों को छोड़ देते हैं, गौशाला में उन्हें रखा जाएगा। विधायकों ने जिले में चल रहे निर्माण कार्यों के बारे में बताया कि काम तेज गति से चल रहा है। विधायकों ने पिछले दिनों भासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर की रैली में प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़े करने का मामला भी उठाया। बताया गया कि मंडल के चारों जिलों के लोग रैली में पहुंचे थे।