बीएचयू में शनिवार को एलडी गेस्ट हाउस चौराहे के पास कुछ छात्रों ने एक सुरक्षा गार्ड को पीट दिया। सूचना पाकर मौके पर जब तक आसपास के गार्ड पहुंचते तब तक छात्र वहां से भाग चुके थे। उधर चीफ प्रॉक्टर ने मामले की सूचना लंका पुलिस को देने के साथ ही मामले को जांच के लिए स्टैंडिंग कमेटी में भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक बाइक सवार दो छात्र शाम करीब चार बजे स्वास्थ्य केंद्र की ओर से गेस्ट हाउस चौराहे के पास आकर रूके। यहां पहले से खड़े दो छात्रों से उनकी किसी बात को लेकर नोंकझोंक हो गई। देखते-देखते माहौल बिगड़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इस बीच एक वहां तैनात एक गार्ड बचाव करने पहुंचा जिस पर छात्रों ने उसकी पिटाई कर दी। इस बीच आसपास के गार्ड वहां आ गए लेकिन तब तक देर हो गई थी। इस बारे में चीफ प्रॉक्टर प्रो. रोयाना सिंह ने बताया कि सुरक्षा गार्ड की तहरीर को लंका थाने भेजा गया है। साथ ही दिन दहाड़े इस तरह की मारपीट को गंभीरता से लेते हुए मामले को स्टैंडिंग कमेटी में भी भेजा गया है, जिससे कि छात्रों पर कार्रवाई हो सके। बताया कि प्रथम दृष्टया मारपीट में उन्हीं छात्रों का नाम आ रहा है, जो अभी हाल ही में जेल से छूट कर बाहर आए हैं।