लंका थाना क्षेत्र स्थित एनएच-टू के विश्वसुंदरी पुल पर शनिवार की दोपहर कार की टक्कर से ऑटो पलट गया। ऑटो सवार एक अज्ञात वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। उन्हें डाफी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद कार और ऑटो चालक भाग निकले।
मलहिया पुल से सवारी लेकर ऑटो रामनगर टेंगरा मोड़ की तरफ जा रहा था। ऑटो के विश्वसुंदरी पुल पर पहुंचते ही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में जान गंवाने वाले वृद्ध की पहचान नहीं हो सकी। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर लंका ने घायलों को डाफी स्थित निजी अस्पताल भिजवाया। कार और ऑटो को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। दोनों के चालकों की तलाश की जा रही है। हादसे में घायल ओबरा निवासी जितेस्वर मुखर्जी ने बताया कि वह अपने बेटे को दुर्गाकुंड के एक कोचिंग में टेस्ट दिलाकर लौट रहे थे। वहीं 50 वर्षीय मीना देवी अपने पोते प्रियांशु का इलाज कराकर नरायनपुर जा रही थी। तीसरा घायल 18 वर्षीय अभिषेक केशरी अहरौरा का रहने वाला है।