हरहुआ। बीरापट्टी रेलवे स्टेशन व शिवपुर के बीच डाउन लाइन पर ओएचई का इंसुलेटर सुबह 10:45 बजे टूट गया। इसके चलते आधा दर्जन ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। जहां तहां ट्रेनों को रोक दिया गया। मौके पर पहुंची बिजली विभाग की टीम ने तीन घंटे 20 मिनट बाद 2:05 मिनट पर इसे दुरुस्त किया। तब जाकर संचालन सामान्य हुआ। इस दौरान जहां तहां खड़ी ट्रेनों में यात्रियों को भूख, प्यास के चलते समस्या का सामना करना पड़ा।
बीरापट्टी रेलवे स्टेशन व शिवपुर स्टेशन के बीच हरिहरपुर गांव के सामने डाउन लाइन पर ओएचई टूट गया। घटना की जानकारी गेट मैन संजीत कुमार ने बीरापट्टी स्टेशन अधीक्षक आरसी गुप्ता को दी। कंट्रोल से सूचना प्रसारित होते ही डाउन लाइन की दर्जनों ट्रेनें जहां तहां रुक गईं। मौके पर रेलवे की बिजली विभाग की टीम पहुंची और नौ टन क्षमता के इंसुलेटर को बदला गया। तीन घंटे 20 मिनट बाद डाउन लाइन चालू हो सकी। इसकी वजह से जोधपुर जंक्शन-वाराणसी मरुधर एक्सप्रेस, अहमदाबाद जंक्शन-वाराणसी साबरमती एक्सप्रेस, सुल्तानपुर-वाराणसी पैसेंजर, हरिद्वार जंक्शन-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस, जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस के अलावा कई मालगाड़ियां खड़ी हो गईं।
बीरापट्टी रेलवे स्टेशन के डाउन लाइन पर ओएचई का इंसुलेटर टूटने के बाद मालगाड़ी खड़ी हो गई। इसका चालक 10:45 बजे ट्रेन को बीरापट्टी रेलवे स्टेशन के आउटर पर छोडकर घर चला गया। सूचना मिलते ही स्टेशन अधीक्षक आरसी गुप्ता ने ट्रेन को स्टेशन पर छोड़कर लोको पायलट के चले जाने की सूचना फोन से अपने उच्चाधिकारियों को दी। यह ट्रेन शाम पांच बजे तक बीरापट्टी रेलवे स्टेशन के आउटर पर खड़ी रही।
चौबेपुर क्षेत्र के कादीपुर रेलवे क्रॉसिंग के बीचोंबीच एक मालगाड़ी एडवांस सिग्नल अचानक खराब होने के कारण खड़ी हो गई। जिससे चौबेपुर-बाबतपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। कादीपुर रेलवे स्टेशन से दोपहर 11:30 बजे के करीब एक मालगाड़ी वाराणसी के लिए रवाना हुई थी। ट्रन के खड़े हो जाने से आधे घंटे से भी ज्यादा समय तक अवागमन बाधित रहा।