वाराणसी। बीएचयू में शैक्षणिक सत्र 2019-20 में स्नातक, स्नातकोतर पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए चल रहे आनलाइन आवेदन में 18 दिन में दो लाख आवेदन आ चुके हैं। करीब सवा लाख आवेदन स्नातक में दाखिले के लिए हैं। दस फरवरी से शुरू हुई आवेदन की प्रक्रिया नौ मार्च तक चलेगी।
आवेदन के लिए अभी दस दिन शेष हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि एक लाख से अधिक आवेदन और आ सकते हैं। पिछले सत्र में साढ़े चार लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इधर, विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई हैं। बनारस समेत देश के 150 शहरों में कराई जाने वाली परीक्षा के लिए आनलाइन आवेदन पत्रों की जांच के साथ अभ्यर्थियों की सूची भी तैयार कराई जा रही है, ताकि प्रवेश परीक्षा के समय किसी तरह की परेशानी न हो। परीक्षा नियंत्रक मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि अभ्यर्थी तय समय में आवेदन कर दें। इस बार प्रवेश परीक्षाएं 12 से 21 मई तक करा ली जाएंगी। पहले पांच दिन स्नातक की परीक्षाएं होंगी।