वाराणसी। मारवाड़ी अस्पताल प्रकरण पर स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह सीएमओ से रिपोर्ट तलब की है। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि स्वास्थ्य मंत्री को दो दिन में रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।
12 जून को मारवाड़ी अस्पताल में मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद छह लोगाें की आंखों की रोशनी चली गई थी। इनमें से बक्सर (बिहार) निवासी यज्ञ नारायण चौबे की मौत रविवार को बीएचयू अस्पताल में हो गई। इसी दौरान अस्पताल में दवाओं की खरीद-फरोख्त, आयुर्वेदिक दवाओं के निर्माण समेत कई मामलों में सामने आईं अनियमितताओं की जांच शुरू हो गई है।
यही नहीं, इस प्रकरण के बीच ही अस्पताल के सीएमओ और पद्मश्री प्रो. सरोज चूड़ामणि गोपाल के पति डॉ. सिद्ध गोपाल की 21 जून को कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर नौ पर बेगमपुरा एक्सप्रेस के शंटिंग इंजन के सामने आने से घायल हो गए थे। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
दूसरी ओर हादसे और आत्महत्या के बीच उलझी डॉ. गोपाल की मौत के मामले की तफ्तीश आगे नहीं बढ़ पा रही है। जीआरपी कैंट के सीओ विमल किशोर श्रीवास्तव का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट लंका थाने से मिलने के बाद डॉ. गोपाल के परिजनों से बातचीत की जाएगी। यदि परिजन किसी तथ्य से अवगत कराते हैं, शंका जाहिर करते हैं और शिकायत दर्ज कराते हैं तो जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। उधर, एलआईयू की भी रिपोर्ट तैयार हो रही है। सीओ ने बताया कि घटना के संबंध में एसपी सिटी को अब तक की जांच में सामने आए तथ्यों से अवगत करा दिया गया है।