वाराणसी। लखनऊ से लौटते समय रायबरेली के पास मेयर रामगोपाल मोहले की गाड़ी खाई में गिर गई। घटना में मेयर के अलावा उनके पीए हेमंत, गनर बृजेश कुमार और चालक अजय को गंभीर चोट आई है। सभी का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना सोमवार की देर रात को हुई जब मेयर लखनऊ से वाराणसी लौट रहे थे। गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
मेयर सोमवार की सुबह लखनऊ में नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना से मिलने गए थे। शहर की समस्याओं से अवगत कराने और उनसे मुलाकात के बाद वहां घर लौट रहे थे। लौटते समय रायबरेली-जौनपुर हाईवे पर सलोन कस्बे के पास सामने से आ रहे तीन बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में चालक अजय वाहन को दाहिने तरफ ले गया। इस दौरान सामने से ट्रक आ रहा था। उससे बचने-बचाने के चक्कर में चालक ने वाहन बाएं तरफ मोड़ा तभी गाड़ी अनियंत्रित होकर बाईं तरफ गहरी खाई में गिर पड़ी। सड़क हादसे में मेयर के सिर, पैर में गंभीर चोट आई है। हेमंत का सिर फट गया है। वहीं गनर बृजेश और चालक अजय को काफी चोटें आईं हैं। गाड़ी में सवार मेयर सहित सभी लोग खतरे से बाहर बताए गए हैं।