वाराणसी। प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान परवान चढ़ता नहीं दिख रहा। सीएम ने पहले 15 जून तक सड़कें दुरुस्त करने का अल्टीमेटम दिया था। हालांकि पीडब्ल्यूडी ने धन की कमी बताते हुए हाथ खड़े कर दिए। जिले में अब भी 200 किमी सड़कें खस्ताहाल हैं। पीडब्ल्यूडी ने अब तक मात्र 70 प्रतिशत सड़कों की मरम्मत का कार्य पूरा कराया है। दो दिन में 200 किलोमीटर से अधिक सड़कें ठीक कराना मुश्किल है। खुद पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मानते हैं कि तय समय तक कार्य पूरा नहीं हो पाएगा।
शासन के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी ने जिले की 706 किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त करने की कार्ययोजना बनाई है। तय समय काम पूरा करने के तमाम दावों के बावजूद विभाग अब तक मात्र 71 प्रतिशत सड़कें दुरुस्त करा पाया है। अवैध खनन और ओवरलोडिंग बंद होने से बाजार में गिट्टी के दाम में दोगुनी बढ़ोतरी हुई है। बाजार में गिट्टी की किल्लत भी चल रही है। सरकार से 39 करोड़ रुपये मरम्मत के लिए मांगे गए थे। अब तक मात्र नौ करोड़ रुपये मिले हैं।