पूर्वांचल डिस्कॉम के आधुनिकीकरण प्रस्ताव के अनुसार वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह ऑटोमेटिक किया जाएगा। इसके लिए स्काडा ऑटोमेशन सिस्टम लगाए जाएंगे। इसका फायदा यह होगा कि इन जिलों के उपकेंद्रों में किसी भी एक लाइन के बंद होते ही दूसरी लाइन अपने आप जुड़ जाएगी। मुख्यालय में बैठकर रिमोट के माध्यम से इसी कंट्रोलिंग की जा सकेगी।
मौजूदा समय में किसी भी उपकेंद्र या ट्रांसफार्मर पर सुरक्षा कवच नहीं हैं। इसलिए कोई प्राकृतिक आपदा हो या कोई घटना, ट्रांसफार्मर जल जाते हैं। इससे घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। नई व्यवस्था में सुरक्षा कवच घरों में लगने वाले एमसीबी की तर्ज पर काम करेंगे। किसी भी घटना पर पहले सुरक्षा कवच रूपी एमसीबी गिर जाएगी। इससे ट्रांसफार्मरों को बचाया जा सकेगा। 100 केवीए या उससे अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों पर भी सुरक्षा कवच लगाए जाएंगे।
पूर्वांचल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति हर हाल में ठीक करने के लिए बिजली निगम द्वारा प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय में पूर्वांचल डिस्कॉम क्षेत्र कटौती मुक्त क्षेत्र होगा। इसके लिए आधुनिकीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। - चंद्रजीत कुमार, मुख्य अभियंता, योजना