ज्ञानपुर। क्राइम ब्रांच और सुरियावां पुलिस को रविवार सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी। 50 से अधिक लूट एवं हत्या के मुकदमों में वांछित अंतर्जनपदीय लुटेरे को संयुक्त टीम ने कौड़र गेट से गिरफ्तार किया जबकि उसका एक साथी भागने में सफल रहा। पकड़े गए बदमाश के पास से दो तमंचे, कारतूस, देशी बम और चोरी की दो बाइक बरामद हुई हैं। पुलिस का मानना है कि वह किसी घटना को अंजाम देने जा रहा था।
पुलिस लाइन परिसर में एसपी सचिंद्र पटेल ने पत्रकारों के समक्ष गिरफ्तारी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जिले में लूट की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर सीओ भदोही अभिषेक पांडेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। बताया कि सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि कौड़र के समीप दो अपराधी घटना को अंजाम देने जा रहे हैं। इस पर तत्काल सुरियावां पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने कौड़र गेट के समीप घेराबंदी कर दी। एसपी ने बताया कि हल्की मुठभेड़ के बाद अंतर्जनपदीय लुटेरा रामचंद्र मौर्य पुत्र दयाशंकर मौर्य निवासी कोल्हुआं पांडेयपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। उसका एक साथी सत्यभान पुत्र जयनाथ, निवासी सिंहपुर भागने में सफल रहा। उसके पास से दो तमंचे, तीन कारतूस, चार देशी बम, चोरी की दो बाइक और एक मोबाइल बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि रामचंद्र के खिलाफ भदोही के अलावा इलाहाबाद, वाराणसी समेत कई जिलों में हत्या, लूट के करीब 50 मुकदमे दर्ज हैं। बताया कि उसके साथी बच्चा यादव और महाजन पटेल पुलिस मुठभेड़ में पहले मारे जा चुके हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम को एसपी ने पुरस्कृत करने की घोषणा की। टीम में अजय सिंह, सचिन झा, इंदू प्रकाश, अजय सिंह, मेराज अली, सर्वेश राय, सत्येंद्र यादव, बेलाल अहमद, संजय सिंह, अनिरुद्ध बैसवार आदि शामिल थे।