चोलापुर। क्षेत्र के छताव (हमीरापुर) गांव में शुक्रवार की दोपहर गांव के ही पंचदेव पटेल (19) की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पंचदेव गुरुवार को घर से निकला और वापस नहीं लौटा। वह गांव के ही एक तेेरही कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकला था। शरीर पर चोट के निशान थे और गले में दुपट्टा कसा हुआ था। आरोप है गला दबाकर हत्या की गई है। परिवार वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज मामले की जांच कर रही है।
शुक्रवार की दोपहर में गांव की कुछ महिलाएं खेत में घास काटने र्गइं थीं। उसी समय हंसराज पटेल के सरसों के खेत में पंचदेव का शव पड़ा देखा गया। गर्दन में दुपट्टा लिपटा हुआ था और पैर में चोट के निशान थे। सूचना पर गांव वाले इकट्ठा हुए और चोलापुर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर सीओ पिंडरा सुरेंद्रनाथ यादव और एसओ चोलापुर दुर्गेश्वर मिश्र पहुंचे। कुछ देर बाद और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पंचदेव के पिता नंदलाल पटेल सूरत में प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। पंचदेव तीन बहनों में सबसे छोटा था। मृतक के चाचा अशोक पटेल ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। एसओ चोलापुर दुर्गेश्वर मिश्र का कहना है कि गले में दुपट्टा कसा हुआ जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
रोहनिया में ट्रैक पर मिला शव
रोहनिया। राजातालाब स्टेशन के र्पू्वी सिग्नल के अंदर एक 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक सफेद शर्ट पहना था। आशंका जताई जा रही है कि किसी ट्रेन की चपेट या गिरने से मौत हुई होगी।