वाराणसी। लंदन से एयर इंडिया के विमान से बनारस आए एनआरआई राघवेंद्र पांडेय का सामान शुक्रवार की शाम घर पहुंचा तो उनकी पत्नी के पांच लाख रुपये से ज्यादा कीमत के जेवरात गायब थे। राघवेंद्र ने घटना के बारे में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और पुलिस अधिकारियों को ट्वीट कर मदद की गुहार लगाई तो एडीजी जोन ने संज्ञान लेकर कार्रवाई का निर्देश जिले की पुलिस को दिया। फिलहाल राघवेंद्र की पत्नी के जेवर नहीं मिल सके हैं और फूलपुर पुलिस उनकी तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
भेलूपुर थाना अंतर्गत श्रीकृष्ण नगर कॉलोनी में रिटायर्ड आईपीएस वीके पांडेय परिवार के साथ रहते हैं। उनके बेटे राघवेंद्र ने बताया कि पत्नी दीपिका और बेटी आव्या के साथ वो भारतीय समयानुसार सात जून की रात दो बजे एयर इंडिया के विमान से लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। आठ जून को सुबह 10:30 बजे वो इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरे और बनारस आने के लिए एयर इंडिया के दूसरे विमान में सवार हुए। दोपहर 2:45 बजे राघवेंद्र और उनका परिवार बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचा। रात में घर पर ब्रीफकेस और बैग खोले गए तो पत्नी के पांच लाख से ज्यादा कीमत के जेवरात गायब थे। राघवेंद्र ने बताया कि वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए वो बनारस आए हैं लेकिन ऐसा हो जाएगा, यह सोचा भी नहीं था। घटना से संबंधित ट्वीट का संज्ञान लेकर एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री ने जिला पुलिस को नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही, कहा है कि कार्रवाई का क्या परिणाम निकला इस संबंध में उन्हें अवगत कराया जाए। उधर, राघवेंद्र की शिकायत पर एयर इंडिया और एयरपोर्ट अथारिटी की ओर से भी छानबीन की जा रही है।