सेवापुरी। जंसा थाना क्षेत्र के पुरंदरपुर स्थित नई कॉलोनी में साधु राजेंद्र दास उर्फ डॉ. चौहान (60) की बुधवार की देर रात हत्या कर दी गई। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को अपने ही घर के आंगन में दफना दिया। पुलिस ने शव बरामद कर लिया है और मौके से हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, लोहे का रंभा, बांका बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में मुन्नू पासवान और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। उनके दो बेटे और एक बेटी को ग्राम प्रधान की सुपुर्दगी में दिया गया है। आशंका है कि पत्नी के साथ अवैध संबंध की वजह से मुन्नू ने हत्या की है। पुलिस आशनाई और संपत्ति विवाद के मद्देनजर जांच कर रही है।
शहर के पंचगंगा घाट स्थित श्रीमठ के साधु राजेंद्र दास उर्फडॉ. चौहान बुधवार की शाम जंसा थाना क्षेत्र के पुरंदरपुर नई कॉलोनी निवासी मुन्नू पासवान के घर पहुंचे थे। रात में वह मुन्नू के घर ही रुके थे। रात में ही किसी बात को लेकर विवाद हो गया। रात में बेरहमी से हो रही पिटाई के दौरान चीख-पुकार पड़ोसियों ने सुनी तो वह घर पहुंचे। मुन्नू की पत्नी राधिका ने मामला दबाने के लिए लोगों को बता दिया कि पति शराब पीकर उत्पात कर रहे हैं। दो दिन बाद भी मुन्नू के घर आए साधु को लोगों ने बाहर नहीं देखा तो अनहोनी की आशंका हुई।
ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह घटना की सूचना गांव के ही विनोद सिंह को दी। उन्होंने जंसा पुलिस को घटना की सूचना दी। लोगों ने पहले साधु का मोबाइल मिलाना शुरू किया जो बंद मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुन्नू पासी से पूछताछ की तो उसने बताया कि साधु मेरे घर के पारिवारिक सदस्य थे। वे काफी बुजुर्ग थे जिनकी स्वाभाविक मौत हो गई तो गुरु समान साधु को घर के आंगन में बने पुराने टैंक में समाधि दे दी।
पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो मुन्नू टूट गया। बताया कि अवैध संबंध के चलते परिवार वालों के साथ मिलकर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर शव दफना दिया गया। सूचना पर एसपी ग्रामीण अमित कुमार, एसडीएम राजातालाब ईशा दुहन, सीओ सदर अंकिता सिंह भी मौके पर पहुंचीं। शव बाहर निकलवाया गया। शरीर पर रॉड से पिटाई के निशान थे। मौके पर डॉग स्क्वॉड, फिंगर प्रिंट की टीम ने भी जांच-पड़ताल की। साधु राजेंद्र दास मूल रूप से पंजाब के लुधियाना जिले के निवासी थे। सीओ सदर अंकिता सिंह ने बताया कि आशंका है कि मुन्नू ने पत्नी से अवैध संबंध के फेर में हत्या की है। मुन्नू और उसकी पत्नी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।