वाराणसी। डीजल-पेट्रोल के दामों में लगातार बढ़ोतरी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को इसके खिलाफ बैलगाड़ी जुलूस निकाला। मूल्यवृद्धि के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए जनता के पैसे से उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। पार्टी के पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि तीन सालों से क्रूड आयल के दाम लगातार घट रहे थे, बावजूद इसके दाम करने के बजाए सरकार टैक्स पर टैक्स लगाकर अपने उद्योगपति मित्रों को फायदा पहुंचाती रही। कर्नाटक चुनाव के बाद से लगातार 16 दिनों तक पेट्रोलियम पदार्थों के दाम सरकार ने बढ़ाए और फिर 17वें दिन एक पैसे की कमी करके जनता के जले पर नमक छिड़कने का काम किया।
इससे पहले पूर्व सांसद के नेतृत्व में बैलगाड़ी जुलूस लहुराबीर आजाद पार्क से निकलकर रवींद्रपुरी पीएमओ कार्यालय तक पहुंची। बैलगाड़ी और तांगे पर मोटर साइकिल, गैस सिलेंडर के साथ मूल्य वृद्धि के खिलाफ पोस्टर लगे थे। यहां हुई सभा की अध्यक्षता शहर के कार्यवाहक अध्यक्ष मणिंद्र मिश्रा ने की। जुलूस और सभा में पूर्व विधायक अजय राय, अनिल श्रीवास्तव अन्नू, सतीश चौबे, शालिनी यादव, सम्शी भाई, प्रमोद पांडेय, दुर्गा प्रसाद, जेपी तिवारी, विजय शंकर मिश्रा, विजय शंकर पांडेय, गिरीश चंद पांडेय, प्रमोद श्रीवास्तव, डॉ जितेंद्र सेठ, हरी शंकर सिंह, अतुल मालवीय, पूनम कुंडू, मीरा तिवारी, दिग्विजय सिंह, विष्णु, रामाधीन, बबलू , विकास, विनय, राहुल आदि शामिल थे।