वाराणसी। बीएचयू हिंदी विभाग के शोध छात्र रहे युवा कवि रविशंकर उपाध्याय की स्मृति में दिए जाने वाला युवा कविता पुरस्कार इस बार युवा कवि शैलेंद्र शुक्ल को दिया जाएगा। सीतापुर निवासी शैलेंद्र को पुरस्कार देने का निर्णय पांच सदस्यीय समिति ने सर्वसम्मति से लिया है। रविशंकर के जन्म दिन पर 12 जनवरी को यह पुरस्कार दिया जाएगा।
युवा कवि रविशंकर उपाध्याय का 19 मई 2014 को बीएचयू सर सुंदरलाल अस्पताल में 30 साल की अवस्था में ही ब्रेन हैमरेज से निधन हो गया था। वह छात्रों के बीच लोकप्रिय थे। उन्होंने बीएचयू में युवा कवि संगम जैसे आयोजनों के संस्थापक की भूमिका भी निभाई। रविशंकर उपाध्याय स्मृति संस्थान के सचिव बंशीधर उपाध्याय ने बताया कि वर्ष 2015 से ही उनकी स्मृति में पुरस्कार दिया जा रहा है। पहले साल रांची की युवा कवयित्री जसिंता केरकेट्टा को, वर्ष 2016 में बलिया के अमृत सागर, वर्ष 2017 में दिल्ली के निखिल आनंद गिरि और 2018 में बलिया के अदनान कफ़ील दरवेश को पुरस्कृत किया जा चुका है। बताया कि इस साल शैलेंद्र को पुरस्कार देने का फैसला करने वाली समिति में कवि अरुण कमल (पटना), आलोचक अरुण होता (कोलकाता) कवि मदन कश्यप (दिल्ली), कथाकार अखिलेश (लखनऊ) और कवि श्रीप्रकाश शुक्ल (वाराणसी) शामिल रहे। शैलेंद्र युवा कविता के उभरते हुए एक संभावनाशील युवा कवि हैं। उनके काव्य रुचि और रचनात्मकता को ध्यान में रखते हुए पुरस्कार के लिए चुना गया है।