वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के पार्सल घर में बुधवार को वाणिज्यकर कमिश्नर के निर्देश पर विभागीय टीम ने छापा मारा। छापेमारी से पार्सल कर्मियों में अफरातफरी मच गई। टीम ने पार्सल से जुड़े ब्यौरे खंगाले और मुरादाबाद से बिना ई-वे बिल के लाए गए फूल के बर्तनों को जब्त कर लिया।
इन बर्तनों को बिना ई-वे बिल के लाया गया था और जब टीम पहुंची तो उसे मैजिक गाड़ी से अन्यत्र भिजवाया जा रहा था। इस मामले में कारोबारी को नोटिस भेजने की तैयारी चल रही है। फिलहाल मैजिक चालक से पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि लाखों रुपये की कर चोरी सामने आ सकती है। जीएसटी कमिश्नर जितेंद्र कुमार के निर्देश पर अधिकारियों ने ये कार्रवाई की। कैंट स्टेशन पर बिना ई-वे बिल काटे करोड़ों रुपये के सामानों की बुकिंग कराने के पहले भी मामले सामने आ चुके हैं। वाणिज्य कर विभाग की ओर से भी पिछले दिनों कई कार्रवाई की जा चुकी है।