वाराणसी। आदमपुर थाना अंतर्गत हनुमान फाटक पुलिस चौकी के सामने गुरुवार की शाम दो पक्षों में मारपीट के बाद पथराव शुरू हो गया। सूचना पाकर पहुंची चार थानों की पुलिस ने लाठी पटक कर पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ा। इस मामले में सौ अज्ञात के खिलाफ बलवा सहित अन्य आरोपों और 7 सीएलए के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने पथराव कर रहे एक युवक को हिरासत में लिया है। पथराव से भयभीत इलाके के दुकानदारों ने दुकानों के शटर गिरा दिए। एहतियातन इलाके में क्यूआरटी तैनात की गई है। हनुमान फाटक पुलिस चौकी के आसपास की दुकानों और मकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर पुलिस आरोपियों को चिह्नित करने में जुटी है। वहीं, इलाके में चर्चा रही कि नगर निकाय की चुनावी रंजिश में मारपीट और पथराव हुआ है।
हनुमान फाटक मुहल्ले में फुलवरिया निवासी एक रिक्शा चालक के साथ बलुआबीर इलाके के कुछ युवकों ने कुछ दिनों पहले मारपीट की थी। गुरुवार को रिक्शा लेकर जा रहे चालक ने उन्हीं युवकों में से एक को हनुमान फाटक पुलिस चौकी के पास बाइक से जाते देखा। इसके बाद चालक ने बाइक से रिक्शा भिड़ाकर उस पर सवार युवक को गिरा दिया। रिक्शा चालक के शोर पर उसके दो-तीन साथी आए और बाइक सवार युवक को पीटने लगे। युवक की पिटाई की जानकारी मिलते ही बलुआबीर इलाके से 20 से 25 की संख्या में उसके दोस्त पहुंचे। इसके साथ ही दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव शुरू हो गया। सरेराह मारपीट और पथराव देख इलाके के लोगों में भगदड़ मच गई और धड़ाधड़ दुकानें बंद हो गईं। सूचना पाकर आदमपुर, कोतवाली, जैतपुरा और कैंट थाने की फोर्स के साथ सीओ कोतवाली मौके पर पहुंचे। पुलिस के लाठी पटकने पर पथराव कर रहे लोग भाग निकले।
मारपीट और पथराव के इस मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। वहीं, हनुमान फाटक चौराहा पर चाय की दुकान चलाने वाले फुलवरिया निवासी भोलानाथ यादव ने आदमपुर थाने पर तहरीर देकर सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ समूह में पथराव करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि माहौल पूरी तरह सामान्य है। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से उपद्रवियों को चिह्नित कर जेल भेजा जाएगा।