म्योरपुर ब्लॉक के पास अवैध तरीके से रखी यूरिया की जांच करते एसडीएम व अन्य
म्योरपुर। एक तरफ जिले के किसान खाद के लिए परेशान हैं तो दूसरी ओर अवैध भंडारण भी खत्म नहीं हो रहा। शुक्रवार को म्योरपुर में एसडीएम निखिल यादव के नेतृत्व में टीम ने एक दुकान से 67 बोरी अतिरिक्त खाद बरामद की।
दुकान के स्टॉक रजिस्टर में 161 बोरी खाद थी, जबकि गोदाम में 228 बोरी डंप मिली। कालाबाजारी की आशंका में दुकान को सील कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए कृषि विभाग की टीम को निर्देशित किया गया है। म्योरपुर और आसपास के गांवों के किसान पिछले दस दिनों से खाद के लिए परेशान हैं। वह रोजाना ब्लॉक परिसर स्थित सहकारी समिति पर लंबी कतार लगा रहे हैं, मगर खाद नहीं मिल रही।
बाजार में ऊंचे दाम पर खाद बेची जा रही है। इसकी शिकायत पर शुक्रवार को एसडीएम निखिल यादव के नेतृत्व में टीम ब्लॉक मुख्यालय पर स्थित एक खाद की दुकान पर अचानक धमक पड़ी। मूल्य से अधिक दाम पर खाद बेचने पर एसडीएम ने दुकानदार को कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने दुकान की जांच कराई तो मौके पर स्टॉक 161 बोरी का होना चाहिए था, जबकि 228 बोरी खाद दुकान में मौजूद थी। इसे देखते हुए एसडीएम ने दुकान सील करा दी। एसडीएम ने बताया कि दुकान सील करने के बाद इसकी जांच कृषि विभाग को दे दी गई है।
उन्होंने कहा कि अधिक मूल्य पर खाद बेचने और ओवर स्टॉक होने को लेकर कृषि विभाग की ओर से कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष कमलनाथ दुबे ने बताया कि कृषि विभाग की तहरीर पर दुकान संचालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है।