बाबतपुर। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद विमान के प्रभावित यात्रियाें को गुरुवार को अलग-अलग विमान से गंतव्य को भेजा गया। वहीं कुछ यात्रियों ने अपने टिकट कैंसिल करा लिए। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बुधवार को दिल्ली जाने वाले स्पाइसजेट एयरलाइंस के विमान एसजी 2420 90 यात्रियों को लेकर रात 9:25 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ा। तकनीकी खराबी आने से विमान को एयरपोर्ट पर उतारा गया। उसके बाद कुछ यात्रियों को एयरपोर्ट के पास के होटल में रोका गया तो वहीं दूसरी ओर कुछ यात्रियों को शहर के होटल के लिए भेज दिया गया।
होटल में रोके गए यात्रियों को गुरुवार की सुबह में 8:10 बजे एसजी 2420 के विमान से 69 यात्रियों को दिल्ली के लिए भेजा गया। वहीं जिन यात्रियों को मुंबई जाना था उन्हें सीधे स्पाइसजेट के विमान से भेजा गया। कुछ यात्रियों को स्पाइसजेट के विमान से अहमदाबाद और पूना के लिए भेजा गया। स्पाइसजेट के जिस विमान में तकनीकी खराबी आई थी उसे इंजीनियरों के द्वारा ठीक किया जा रहा था। देर रात उसे दिल्ली भेजने की तैयारी चल रही थी। लैंडिग गेयर में तकनीकी खराबी को इमरजेंसी लैंडिंग की वजह बताई जा रही है। स्पाइसजेट के स्थानीय प्रबंधक राजेश रॉय ने बताया कि विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी जिसके कारण विमान को वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया।