चौरी। एक साल पूर्व रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध हाल में युवती की लाश मिलने के मामले में विवेचना कर रही पुलिस ने बृहस्पतिवार को सुबह एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
चौरी थानाक्षेत्र के अमवा निवासी अंकिता प्रजापति (20) पुत्री विश्राम प्रजापति का शव 22 मार्च 2017 को लक्षापुर गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध हाल में मिला था। पुलिस ने घटना को आत्महत्या बता शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतक की मां लालती देवी ने पुलिस से न्याय न मिलने पर 156 (3) के तहत न्यायालय की शरण ली थी। उसने, गांव के ही चंदन और सरमोद को घटना का जिम्मेदार बताया था। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। विवेचना से असंतुष्ट मृतक की मां ने आला अफसरों से दोबारा विवेचना की गुहार लगाई। उसके बाद मामले की विवेचना दूसरे अधिकारी को दी गई। बृहस्पतिवार सुबह क्राइम ब्रांच प्रभारी आरएन उपाध्याय और चौरी थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार आर्या ने कंधिया फाटक से आरोपी चंदन को गिरफ्तार कर लिया जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।