वाराणसी। साहित्यकार डॉ. शंभूनाथ सिंह की स्मृति में मंगलवार को यहां डाक टिकट जारी किया गया। डाक विभाग के संयोजन में पराड़कर भवन में आयोजित समारोह में केंद्रीय संचार एवं रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने पांच रुपये मूल्य के इस डाक टिकट का विमोचन किया। उन्होंने डाक विभाग की इस पहल की सराहना की। कहा कि साहित्य, कला, संगीत जगत की शख्सियतों की स्मृतियों को संजोने के लिए इससे बेहतर माध्यम कोई और नहीं हो सकता।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि डॉ. सिंह की स्मृति में डाक टिकट जारी करने की घोषणा जून माह में दिल्ली में आयोजित जन्मशती वर्ष समारोह में हुई थी। 13 साल की आयु से ही साहित्य के प्रति डॉ. शंभूनाथ सिंह की रुचि रही। अपनी लेखनी के माध्यम से उन्होंने भारतीय वांगमय के सारतत्वों का आधुनिक जीवन की संगति से सामंजस्य प्रस्तुत किया। उनकी रचना समय की शिला पर जीवन दर्शन, काल के प्रवाह में सृजन और विध्वंस का ह्दयग्राही रूपांकन है। डाक विभाग की ओर से महान विभूतियों पर डाक टिकट जारी करने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। अध्यक्षता करते हुए काशी विद्यापीठ के कुलपति डॉ. पृथ्वीश नाग ने बताया कि काशी विद्यापीठ में डॉ. सिंह के नाम पर शोध पीठ की स्थापना के प्रयास किए जा रहे हैं। समीक्षक डॉ. इंदीवर ने शंभूनाथ सिंह के कृतित्व, व्यक्तित्व की चर्चा की। कार्यक्रम में पोस्ट मास्टर जनरल केके भगत, विधायक सुशील सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अपराजिता सोनकर, प्रो. रोयाना सिंह, प्रो. श्रद्धानंद आदि मौजूद रहे। संचालन प्रतिमा सिन्हा, अतिथियों का स्वागत राजीव सिंह और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रोली सिंह ने किया।