वाराणसी। घर बनाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। भवनों का नक्शा पास कराने के लिए अब उन्हें वीडीए कार्यालय का चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी। नक्शा पास करने में समयबद्धता और पारदर्शिता के लिए वीडीए ने ऑनलाइन व्यवस्था शुरू कर दी गई है। शनिवार को मंडलायुक्त सभागार में सूबे के राज्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बटन दबाकर इसका उद्घाटन किया।
आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की ओर से प्रदेश के सभी प्राधिकरणों में मानचित्रों की ऑनलाइन स्वीकृति के लिए साफ्टवेयर विकसित किया है। अब कोई भी ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम पर जाकर नक्शा पास कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। इसके लिए उसे अपने भूखंड का विवरण देकर पंजीकृत आर्किटेक्ट से नक्शा बनवाना होगा और उसका विवरण ऑनलाइन सबमिट करना होगा। वीडीए वीसी पुलकित खरे ने बताया कि इसमें आर्किटेक्ट यूनियन को भी जोड़ा गया है। ताकि कोई फर्जी तरीके से नक्शा पास कराने के लिए आवेदन न कर सके।
वीडीए उपाध्यक्ष बताया कि आफलाइन प्रक्रिया में नक्शा पास कराने के लिए उसकी छह कापी जमा करनी होती थी लेकिन अब एक कापी को स्कैन कराकर आवेदन के साथ वेबसाइट पर अटैच्ड करनी होगी। आवेदक से एसएमएस और ईमेल से पत्राचार किया जाएगा। आवेदक वेबसाइट के जरिए नक्शा पास कराने की प्रगति भी जान सकेंगे। यदि मानचित्र में कोई कमी होगी तो अधिकतम दो कार्य दिवसों में एसएमएस के माध्यम से आवेदक को अवगत करा दिया जाएगा। मानचित्र और जरूरी कागजात सही पाए जाने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे स्वीकृत कर दिया जाएगा। इसका शुल्क भी ई-पेमेंट के जरिए ऑनलाइन किया जा सकता है। नक्शा पास करने से पहले नगर निगम और जलकल से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना होता है। इसके लिए फिलहाल मेल और एसएमएस से पत्राचार की व्यवस्था है। आगे इन विभागों को भी वीडीए अपने साफ्टवेयर से जोड़ेगा।