जौनपुर। जिले के साधन सहकारी समितियों पर डाई नहीं है। वहीं अभी तक लक्ष्य के मुकाबले 50 फीसदी खेतों में गेहूं की बुआई नहीं हो पाई है। ऐसे में डाई की किल्लत से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान बाजार से डाई खरीदने को विवश हैं।
जिले में दो लाख 70 हजार 533 हेक्टेयर खेत में गेहूं बुआई का लक्ष्य रखा गया है। गेहूं की बुआई किसान आसानी से कर सके। इसके लिए समितियों पर उर्वरक व गेहूं का बीज उपलब्ध कराया गया था। इस दौरान जिले में स्थित 208 साधन सहकारी समितियों में से 165 साधन सहकारी समितियों पर उवर्रक व गेहूं का बीज उपलब्ध कराया गया था। इन समितियों पर कुल नौ हजार एमटी डाई उपलब्ध कराया गया था। लगभग एक सप्ताह से इन समितियों पर डाई उपलब्ध नहीं है। जिसमें शाहगंज, सरायमोद्दीनपुर, जपटापुर, शेखपुरा, बेलापार, करेहटी, कल्याणपुर, कपूरपुर व बनवीरपुर आदि साधन सहकारी समिति पर डाई नहीं है। वहीं अभी तक जिले में एक लाख 32 हजार 239 हेक्टेयर खेत में गेहूं की बुआई नहीं हो पाया है। मात्र एक लाख 38 हजार 294 हेक्टेयर खेत में गेहूं की बुआई हुई है। उधर, समितियों पर डाई नहीं रहने से किसानों गेहूं की बुआई नहीं कर पा रहे हैं। इस दौरान कई किसान बाजार से डाई खरीद कर गेहूं की बुआई कर रहे हैं। जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड रहा है। छीतमपट्टी गांव निवासी किसान गप्पू सिंह, बोड़सर गांव निवासी राजेश सिंह व खुज्झी गांव निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया कि साधन सहकारी समिति पर डाई नहीं है जिससे गेहूं की बुआई नहीं हो पा रही है।
एआर कोआपरेटिव गणेश गुप्ता ने कहा कि ढाई हजार एमटी डीएपी मंगाने के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। डीएपी आते ही समितियों पर भेज दी जाएगी ताकि किसान गेहूं की बुआई कर सकें।