फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गाजीपुर में सड़क हादसों में चार की मौत-COMPACT

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजीपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गुरुवार को हुए सड़क हादसों में एसएसबी की महिला आरक्षी और उसकी सास तथा दो सगे भाइयों की मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने दोनों स्थानों पर मार्ग जाम कर मुआवजे की मांग की। जानकारी होते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में अधिकारियों के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन

गहमर थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव की दलित बस्ती निवासी अनिल राम एसएसबी में सिपाही हैं। उनकी तैनाती असम में है। अनिल अपनी मां पंचरत्नी देवी (50) और असम में ही एसएसबी में आरक्षी के पद पर तैनात पत्नी प्रतिभा देवी (27) के साथ मां कामाख्या मंदिर बाइक से गए थे। दर्शन पूजन के बाद वापसी में वे ताड़ीघाट-बारा मार्ग से सटे गंगाघाट जाने वाले मार्ग पर पहुंचे तो उनकी बाइक सड़क किनारे गड्ढे में जा कर लड़खड़ा गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान बिहार की ओर से बालू लेकर जा रहे ट्रक की चपेट में आने से पंचरत्नी और प्रतिभा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। गुस्साए ग्रामीणों ने ताड़ीघाट-बारा मार्ग पर जाम लगा दिया और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी मिलते ही गहमर पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन ग्रामीण उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान दिलदारनगर, जमानिया, सुहवल, रेवतीपुर, नोनहरा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में सीओ जमानिया आरडी यादव और तहसीलदार ओमप्रकाश के समझाने-बुझाने पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। सीओ आरडी यादव ने बताया कि घायल सिपाही की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया गया हैै। चालक की तलाश की जा रही है।
उधर बिरनो थाना क्षेत्र के अराजी ओड़ासन गांव निवासी मुन्ना यादव के पुत्र पिंटू यादव (23) और हिमांशु यादव (9) बुधवार की देर रात मरदह थाना क्षेत्र के कछुहरा गांव के शादी समारोह से बाइक से आ रहे थे। वे घर से कुछ ही दूरी पर थे कि गाजीपुर-मऊ मार्ग स्थित एक निजी ढाबे के पास ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। ढाबे पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और परिवारवालों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया। बाद में परिजन शवों को उन्हें सुपुर्द करने की मांग करने लगे। पुलिस ने समझाने की कोशिश की तो लोगों ने गाजीपुर-मऊ मार्ग जाम कर दिया। बाद में कासिमाबाद सीओ हृदयानंद सिंह ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। सीओ ने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने कहा कि टीम गठित कर ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने का कार्य शुरू होगा। साथ ही ऐसे वाहनों के जनपद में प्रवेश करने पर विविध कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें