वाराणसी। रविवार की दोपहर बाद अचानक करीब आधे घंटे तक हुई बारिश के बाद मौसम खुशनुमा हो गया। इससे कई दिनों से उमस झेल रहे लोगों को राहत मिली और शाम को मौसम सुहावना हो गया। हालांकि शहर के कुछ इलाकों में जलभराव होने से लोगों को दिक्कत हुई।
सप्ताह भर से जिस तरह से तेज धूप और उमस बढ़ गई थी, उससे हर कोई बरसात का इंतजार कर रहा था। रविवार सुबह से ही मौसम में बदलाव दिखने लगा था। दोपहर करीब दो बजे आसमान में बादल छाने लगे और करीब ढाई बजे से तीन बजे तक बारिश हुई। तेज बारिश होने से उमस से राहत तो मिली लेकिन शहर के छित्तूपुर, लहरतारा पुल के नीचे, अन्नपूर्णा नगर कालोनी, सिगरा कालोनी, कैंट स्टेशन के सामने आदि जगहों पर जलभराव से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। उधर अचानक हुई इस बारिश से बचाव के लिए कोई पेड़ तो कोई दुकानों में जाकर बचाव किया। मौसम में अचानक आए इस बदलाव की वजह से शहर के तापमान भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक डॉ. शिवेंद्र ओझा के मुताबिक आने वाले दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही गरज-चमक के साथ ही कुछ हिस्सों में बारिश की भी संभावना है।