वाराणसी। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने बनारस को नो ट्रिपिंग जोन का नया लक्ष्य दिया। स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के अलावा केंद्र व प्रदेश सरकार में कई मंत्री पूर्वांचल के हैं। ऐसे में हमारी सरकार से यहां की जनता की उम्मीदें भी अधिक हैं। विभागीय अफसरों को एक टीम की तरह काम करने के लिए प्रेरित किया। सोमवार को आयुक्त सभागार में हुई बैठक में 21 जिलों के विभागीय अधिकारियों और विधायकों संग बैठक की। बैठक के बाद ऊर्जा मंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में षोडषोपचार विधि से पूजा अर्चना की।
बैठक में ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पूर्वांचल की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए बिजली विभाग के अफसरों को दिल से काम करना होगा। चेताया कि यदि विकास योजनाओं के साथ ही नगरीय प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई तो सिर्फ जेई व ठेकेदार ही जिम्मेदार नहीं होंगे बल्कि एसडीओ, अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता के अलावा मुख्य अभियंता व एमडी भी जिम्मेदार होंगे और कार्रवाई की जद में आएंगे। कहा कि शिकायतों के लिए जनता की पहल का इंतजार नहीं करना चाहिए। अफसर हो या कर्मचारी किसी को भी कहीं कोई कमी नजर आती है तो उसे संबंधित को जानकारी दे दें ताकि समस्या का समाधान हो सके। हर महीने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करने को कहा। परीक्षा के दौरान कटौती न करने को कहा। फोन उठाने की हिदायत दी। बैठक में प्रदेश के राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी के अलावा अन्य विभागीय अधिकारी रहे।