वाराणसी। बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी। बैंकों की सुरक्षा में तैनात रहने वाले होमगार्ड और निजी कंपनियों के सुरक्षाकर्मियों को असलहा चलाने का प्रशिक्षण दिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वाराणसी जोन के दस जिलों के बैंकों के सुरक्षाकर्मियों को रायफल क्लब के शूटिंग रेंज में प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले चरण में यूनियन बैंक आफ इंडिया के 50 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा जा चुका है। प्रशिक्षण के लिए बैंकों से एक दिन का शुल्क दस हजार रुपये लिया जा रहा है।
अमूमन देखने में आता है कि किसी घटना के समय भी बैंकों के सुरक्षाकर्मी मूकदर्शक बने रहते हैं। बेल्ट में लगाकर 12 बोर की गोलियां बांधे रखने से गोलियां फूल जाती है। यूबीआई के कई ऐसे सुरक्षाकर्मी रायफल क्लब के शूटिंग रेंज पहुंचे थे जिनकी गोलियां खराब हो गई थीं। रायफल क्लब के सह संचालक आजम खान ने बताया कि 12 मार्च को बैंक आफ इंडिया के सुरक्षाकर्मियों को असलहा चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जल्द ही शूटिंग रेंज में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। इसके लिए डीएम ने अनुमति दे दी है।