वाराणसी। गाजीपुर के सैदपुर से प्रेमिका के साथ भागे प्रेमी को शुक्रवार की रात छावनी क्षेत्र से पकड़ लिया गया। एयरफोर्स के पास घूमते समय सेना के एक जवान की नजर उन पर पड़ी। स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। बाद में घरवाले भी पहुंचे। रात करीब नौ बजे तक मामला कैंट थाने तक पहुंचा। पुलिस को दोनों परिवार से वार्ता कर प्रेमी और प्रेमिका को उनके घरवालों के सुपुर्द कर दिया। एयरफोर्स से लेकर कैंट थाने के बीच प्रेमी का बाल मुंडवा दिया गया। घरवालों का आरोप है कि पुलिस ने बाल मुंडवाया जबकि पुलिस का दावा है कि थाने पर आने से पहले ही उसका बाल नहीं था।
सैदपुर का रहने वाला करीब 17 साल का लड़का क्षेत्र की ही एक लड़की लेकर बुधवार को भाग गया। शुक्रवार की देर शाम दोनों को एयरफोर्स के पास टहलते देखा गया। बताया जा रहा है कि एक सैन्यकर्मी की नजर पड़ी तो उसने पूछताछ की। लोगों की भीड़ लग गई। दोनों के घरवालों को सूचना देकर बुलाया गया। वह तकरीबन आधे घंटे में ही मौके पर पहुंच गए। सूचना के बाद पुलिस पहुंची दोनों पक्षों को थाने ले गई। किशोर के पिता का कहना है कि पुलिस ने बेटे का बाल छिलवाया है। हालांकि पुलिस ने उसकी मर्जी से ऐसा किया था। बेटे को सबक सिखाने के लिए ऐसा किया। वहीं इंस्पेक्टर कैंट फरीद अहमद का कहना है कि थाना परिसर में किशोर का बाल नहीं छिलवाया गया है। वह थाने आया तो उसके सिर पर बाल नहीं था। थाने में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ, फुटेज से पड़ताल की जा सकती है।